अनूपपुर की बेटी आंचल पुरी ने रचा इतिहास, JEE Advanced 2026 में ST-PwD श्रेणी की ऑल इंडिया टॉपर बनीं
अनूपपुर।
जिले की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी आंचल पुरी ने देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Advanced 2026 में शानदार सफलता हासिल करते हुए ST-PwD श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से न केवल अनूपपुर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ा है।

आंचल पुरी ग्राम एवं पोस्ट पयारी नंबर-1, जिला अनूपपुर की निवासी हैं। उनके पिता श्री रविशंकर पुरी एक शिक्षक हैं। आंचल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पयारी नंबर-1 से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय, अमरकंटक से पूरी की।
इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना सपना साकार करने के लिए आंचल ने JEE Main एवं JEE Advanced की तैयारी हेतु एक वर्ष तक वाराणसी में विशेष अध्ययन किया। उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के निरंतर सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

आंचल की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
आंचल पुरी की उपलब्धि उन हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
अनूपपुर की इस होनहार बेटी ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती, उसे केवल अवसर और समर्पण की आवश्यकता होती है।





