अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, हाइवा वाहन जब्त
शहडोल 02 जून 2026- कलेक्टर डॉ केदार सिंह के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक हाइवा वाहन को जब्त किया है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर खनिज निरीक्षक वृत्त ब्यौहारी द्वारा तहसील ब्यौहारी क्षेत्र में जांच के दौरान 2 जून को तड़के लगभग 2 बजे आनंद फ्यूलिंग पेट्रोल पंप के समीप हाइवा क्रमांक MP18H5833 (12 चक्का) की जांच की गई। वाहन में लोड रेत के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर थाना ब्यौहारी की सुरक्षित अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। वाहन चालक ने पूछताछ में वाहन मालिक का नाम शिवम सिंह निवासी ब्यौहारी, जिला शहडोल बताया। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




