*आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लापरवाही का ताला: एएनएम पर घर बैठकर ड्यूटी करने के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश*
ब्यौहारी से विनय द्विवेदी
शहडोल। जिले के जैसिंहनगर विकासखंड अंतर्गत सनौसी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र सनौसी में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां पदस्थ एएनएम पर उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगाकर घर में बैठने और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को प्रभावित करने के आरोप लगे हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से ताला लगा रहता है, जिससे मरीजों और जरूरतमंदों को उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि लोगों को भ्रमित करने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य चैनल गेट को खुला रखा जाता है, जबकि अंदर से ताला लगा दिया जाता है। बाहर से देखने पर केंद्र खुला प्रतीत होता है, लेकिन वास्तविकता में स्वास्थ्य सेवाएं बंद रहती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही से योजनाओं का लाभ आमजन तक नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
अब लोगों की नजर विकासखंड चिकित्सा अधिकारी पर टिकी है कि वे इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाते हैं और लापरवाही बरतने वाली एएनएम के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
इनका कहना है –
उप स्वास्थ्य केंद्र खुलने का समय नौ बजे से चार बजे तक है , मै गांव में एक गर्भवती के यहां आई थी उसका आई डी नहीं जुड़ा है, आशा की जानकारी लेने पर बताया गया कि वो पत्ती तोड़ने गईं है।
अनीता पटेल ( एएनएम)
उप स्वास्थ्य केंद्र सनौसी





