उमरिया | पत्रकार फैज मोहम्मद
बस और ऑटो से पहुंचे विधायक, सादगी ने जीता लोगों का दिल,आरोग्य भारती की कार्यशाला में बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह बने आकर्षण का केंद्र
राजनीति के चमक-दमक भरे दौर में रविवार को उमरिया में एक अलग तस्वीर देखने को मिली, जब बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह बिना किसी काफिले और दिखावे के बस और ऑटो से कार्यक्रम में पहुंचे। उनकी सादगी और सहज व्यवहार ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और पूरे आयोजन में यह चर्चा का प्रमुख विषय बना रहा।

आरोग्य भारती महाकौशल प्रांत की जिला इकाई उमरिया द्वारा होटल रॉयल आनंदा में आयोजित एक दिवसीय “गर्भ संस्कार एवं स्वस्थ ग्राम योजना” प्रशिक्षण कार्यशाला में विधायक शिवनारायण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। खास बात यह रही कि वे नौरोजाबाद से साधारण बस द्वारा उमरिया पहुंचे और वहां से ऑटो में बैठकर सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। आमजन की तरह सफर करते विधायक को देखकर लोग आश्चर्यचकित भी हुए और प्रभावित भी।
कार्यशाला में राष्ट्रीय प्रमुख स्वस्थ ग्राम योजना भोलानाथ जी भाई साहब ने भारतीय जीवनशैली, ग्रामीण स्वास्थ्य और संस्कारित समाज की आवश्यकता पर विस्तृत विचार रखे। वहीं डॉ. अमित सक्सेना एवं डॉ. संदीप सिंह ने गर्भ संस्कार, मातृ स्वास्थ्य और स्वस्थ ग्राम योजना के विभिन्न आयामों पर जानकारी दी।

इस अवसर पर विभाग संघ संचालक शहडोल विजय अग्रवाल, प्रांत महासचिव अमित मिश्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष धनुशधारी सिंह, सरपंच गोविंद प्रसाद गौतम सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विधायक शिवनारायण सिंह ने कहा कि “स्वस्थ परिवार और संस्कारित पीढ़ी ही मजबूत समाज की असली नींव हैं।” उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और भारतीय परंपराओं को जीवन में अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, संस्कार और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा विधायक की सादगीपूर्ण यात्रा की रही। लोगों ने इसे जनप्रतिनिधि के जमीन से जुड़े होने का उदाहरण बताया।





