विधायक ने किया ओलावृष्टि प्रभावित गांवों का निरीक्षण, कल्दा में निर्माणाधीन पुलिया का भी लिया जायजा
ग्रामीणों से मिला आश्वासन, अधिकारियों को मुआवजा और गुणवत्ता के निर्देश
उमरिया | फैज मोहम्मद की रिपोर्ट
नौरोजाबाद (उमरिया)। बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिवनारायण सिंह ने मंगलवार को तहसील अंतर्गत ग्राम पड़ेरा सहित ओलावृष्टि प्रभावित गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके से ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पड़ेरा में 5 मई को हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ था। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि करीब एक घंटे तक लगातार बड़े-बड़े ओले गिरते रहे, जिससे कई घरों के खपरैल और टीन-सीट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बारिश का पानी घरों के अंदर घुस जाने से अनाज और घरेलू सामान भी खराब हो गया।
इसके अलावा खेतों में लगी उड़द, मूंग जैसी दलहन फसलें और सब्जी की खेती—टमाटर, भिंडी आदि—भी पूरी तरह नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने अपनी व्यथा विधायक के सामने रखी और तत्काल राहत एवं मुआवजे की मांग की।
विधायक शिवनारायण सिंह ने मौके पर ही अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कर प्रभावितों को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
इसी दौरान विधायक ने अपने ग्राम कल्दा प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुलिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि पुल निर्माण कार्य को आगामी बरसात से पहले हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विधायक के दौरे के दौरान ग्रामीणों में उम्मीद की किरण जगी है और उन्होंने प्रशासन से जल्द राहत मिलने की आस जताई है।





