तेज आंधी-तूफान का कहर, कई गांवों में भारी नुकसान
घरों के छप्पर उड़े, मकानों की टीन-सीटें टूटीं, ग्रामीण दहशत में
जैतहरी/अनूपपुर
शुक्रवार की शाम अचानक मौसम ने विकराल रूप ले लिया, जब तेज आंधी और तूफान ने अनूपपुर एवं जैतहरी तहसील क्षेत्र के कई गांवों में भारी तबाही मचा दी। दैखल, पयारी, फुनगा, पाली, धनकुटा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं का असर देखने को मिला।
आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई घरों के छप्पर उड़ गए और मकानों की टीन-सीटें टूटकर बिखर गईं। कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ धराशायी हो गए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
ग्राम दैखल के बांका टोला निवासी जियालाल केवट के खेत में बने मकान की पूरी टीन-सीट तेज हवाओं में उड़कर क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं जवाहर सिंह के मकान की सीट भी आंधी की चपेट में आकर टूट गई।

इसी तरह बांका टोला निवासी सीताराम पनिका की दुकान की टीन-सीट भी तेज तूफान में उड़कर बिखर गई, जिससे दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय तूफान इतना तेज था कि लोग भय के माहौल में पूरी रात जागते रहे।
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हुआ और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कर प्रभावित परिवारों को उचित राहत और सहायता प्रदान की जाए, ताकि उनकी स्थिति सामान्य हो सके।





