विशेष बालक क्रीड़ा परिसर शहडोल में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
शहडोल 13 मई 2026- आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार विशेष बालक क्रीड़ा परिसर शहडोल में वर्ष 2026-27 हेतु प्रवेश एवं चयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह प्रवेश प्रक्रिया केवल अनुसूचित जनजाति वर्ग के बालकों के लिए आयोजित की जा रही है।
प्राचार्य विशेष बालक क्रीड़ा परिसर शहडोल ने जानकारी दी हैं कि मिनी, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 05 मई 2026 से 15 जून 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर 19 जून 2026 से 28 जून 2026 तक टेस्ट एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके बाद चयन सूची का प्रकाशन 29 जून 2026 को किया जाएगा तथा चयनित विद्यार्थियों को 01 जुलाई 2026 से प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु संभागीय आयुक्त जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास शहडोल संभाग की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय चयन समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा जिले के शासकीय विद्यालयों से आवेदन प्राप्त कर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विशेष बालक क्रीड़ा परिसर शहडोल में स्पोर्ट्स क्लाइम्बिंग, क्रिकेट, फुटबॉल एवं एथलेटिक्स जैसी खेल विधाओं का प्रशिक्षण विभाग द्वारा स्वीकृत एवं संचालित किया जा रहा है।





