10 अप्रैल को सिंगरौली में किसानों के मुद्दों पर बड़ा प्रदर्शन
एमएसपी खरीदी, मुआवजा और ऋण वसूली पर कांग्रेस का घेराव
नगर निगम से कलेक्टर कार्यालय तक होगा प्रदर्शन

यश न्यूज ब्यूरो सिंगरौली
सिंगरौली | 9 अप्रैल 2026
सिंगरौली जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 10 अप्रैल को बड़ा आंदोलन होने जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं शहर सिंगरौली तथा किसान कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस संबंध में संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर अपील जारी की गई है।
आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में गेहूं, मूंग, मसूर और अरहर की फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी सुनिश्चित करना, खरीदी के लिए वारदाना (बोरी) की तत्काल व्यवस्था करना, सहकारी समितियों के ऋण वसूली की तिथि बढ़ाना तथा बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति का मुआवजा दिलाना शामिल है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, वहीं प्राकृतिक आपदा से नुकसान झेलने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में किसानों की आवाज उठाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत 10 अप्रैल को सुबह 11 बजे नगर निगम कार्यालय के सामने सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान एकत्रित होंगे, जिसके बाद घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण की अध्यक्ष सरस्वती सिंह एवं जिला संगठन महासचिव संकठा सिंह ने जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, युवा कांग्रेस, महिला मोर्चा, सेवादल सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, मंडलम, सेक्टर एवं ब्लॉक प्रभारियों तथा बीएलए गण से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई को मजबूती देने के लिए यह एकजुटता जरूरी है।


