₹500 के नोट पर स्कूल का विज्ञापन! अनूपपुर में मचा हड़कंप, DEO का सख्त नोटिस
अनूपपुर, 8 अप्रैल 2026 —
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। जिले के अशा लिटिल स्टंप स्कूल पर आरोप है कि उसने अपने प्रचार के लिए ₹500 के नोट की फोटो कॉपी का इस्तेमाल किया और उस पर स्कूल का नाम-पता छापकर लोगों में बांटा।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब राजधानी न्यूज में इस तरह के विज्ञापन प्रकाशित होने की जानकारी मिली। जांच में पाया गया कि ₹500 के नोट (सीरियल नंबर 6DE868995) की कॉपी पर विज्ञापन छापकर उसे प्रचार सामग्री की तरह वितरित किया गया।
प्रशासन ने इसे बेहद गंभीर माना है। अधिकारियों का कहना है कि भारतीय मुद्रा पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर होती है, और इस पर किसी भी प्रकार का निजी विज्ञापन छापना राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान है। साथ ही, यह कृत्य कानूनी रूप से भी अपराध की श्रेणी में आता है।

जिला शिक्षा अधिकारी तुलाराम आर्मो ने स्कूल प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 अप्रैल 2026 तक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की सूचना कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शहडोल सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है।


