सिनेमा और टीवी के चर्चित चेहरे राजेंद्र गुप्ता ने कल्याणिका विद्यालय की पहल को बताया प्रेरणादायक
अनूपपुर।
यस न्यूज़ प्रतिनिधि पत्रकार विनय मेहरा की रिपोर्ट (8349627682)
अनूपपुर जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्र राजेंद्रग्राम स्थित कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, पटना में आज एक गौरवपूर्ण अवसर देखने को मिला, जब विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां आगंतुक के रूप में विद्यालय पहुंचीं। इस अवसर पर वरिष्ठ फ़िल्म एवं टीवी अभिनेता राजेन्द्र गुप्ता, एटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरिद्वार सिंह, फ़िल्म निर्देशक आर. एस. बिकल तथा म्युजिक डायरेक्टर आदित्य शर्मा ने विद्यालय का भ्रमण किया।

विद्यालय परिसर में आगमन पर सभी अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अतिथियों ने परिसर, कक्षाओं, शैक्षणिक संसाधनों एवं उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की सराहना की।

वरिष्ठ अभिनेता राजेन्द्र गुप्ता, जो भारतीय सिनेमा, टेलीविजन और रंगमंच की दुनिया में अपनी सशक्त पहचान रखते हैं तथा लगान जैसी चर्चित फिल्म सहित कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय कर चुके हैं, ने इस अवसर पर विद्यालय की पहल को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा,
“वर्ष 2022 में स्थापित यह विद्यालय आदिवासी बहुल क्षेत्र में शिक्षा का एक मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है। ICSE बोर्ड से संबद्ध इस संस्थान की व्यवस्थाएं और सोच बेहद सराहनीय है। यहां की पहल निश्चित रूप से क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को नई दिशा देगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में इस प्रकार के आधुनिक शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना समाज के समग्र विकास के लिए बेहद आवश्यक है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में स्थापित कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, पटना अनूपपुर जिले का एकमात्र ICSE बोर्ड से संबद्ध विद्यालय है, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
इस अवसर पर कल्याण सेवा आश्रम के प्रतिबंध सन्यासी हिमाद्री मुनि महराज, विशिष्ट सदस्य स्वामी जगदीशानंद महाराज, स्कूल मेनेजर विनोद कार्की सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, समस्त शिक्षकगण एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने अतिथियों के साथ संवाद कर विद्यालय की प्रगति, उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन को प्रेरणास्रोत बताया।


