आओ बचाएं जल, सुरक्षित करें कल, जनसहयोग से मोरखी नाला में किया गया बोरी बंधान

जल प्रकृति द्वारा प्रदत्त एक अमूल्य उपहार है, जो समस्त जीव-जगत के अस्तित्व का आधार है। बिना जल के जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। इसलिए हमें जल की एक-एक बूंद का महत्व समझना होगा और इसके संरक्षण के लिए जागरूक होना होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान प्रगति पर है। इस अभियान के तहत जल बचाने, संरक्षित करने एवं जल का महत्व बताने हेतु विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी अनुक्रम में शहडोल जिले के जनपद पंचायत जयसिंहनगर के ग्राम छपरा टोला में बिजहरा मोरखी नाला में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जन सहयोग से बोरी बंधान का कार्य किया गया एवं जल का सही उपयोग करने एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। बोरी बंधान होने से पशुओ के लिए जल उपलब्ध होगा वहीं जल स्तर में भी वृद्वि होगी।


