नौरोजाबाद में जांबाज़ कलाकारों का हैरान कर देने वाला कारनामा: बिना किसी डर के जहरीले सांपों को हाथों से पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ते हैं शिवम पटेल और उनकी टीम
उमरिया।
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के कोल माइंस क्षेत्र नौरोजाबाद से एक हैरान कर देने वाली लेकिन दिलचस्प घटना सामने आई है, जहां कुछ स्थानीय कलाकार अपने अनोखे साहस और हुनर के लिए चर्चा में हैं। नौरोजाबाद के शिवम पटेल और उनके साथी आलो के विश्वकर्मा बिना किसी औजार या सुरक्षा उपकरण के जंगली और जहरीले सांपों को अपने हाथों से पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने का काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये कलाकार अब तक कई खतरनाक सांपों को पकड़ चुके हैं, जिनमें बड़े आकार के अजगर भी शामिल हैं, जिनका वजन 40 से 50 किलो तक बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही किसी घर या आसपास के इलाके में सांप निकलने की सूचना मिलती है, ये टीम मौके पर पहुंचकर बेहद सावधानी और कुशलता के साथ सांप को काबू में कर लेती है और फिर उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ देती है। इस पूरे कार्य में न तो कोई विशेष उपकरण इस्तेमाल किया जाता है और न ही किसी प्रकार का डर, बल्कि यह पूरी तरह उनके अनुभव और साहस पर आधारित होता है। नौरोजाबाद के जंगलों से निकलने वाले इन जहरीले सांपों को काबू में करने का यह अनोखा हुनर लोगों के बीच कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है।
(उमरिया यस न्यूज़, फैज मोहम्मद की खास रिपोर्ट)






