13 अप्रैल को ओबीसी महासभा का देशव्यापी प्रदर्शन: सात सूत्रीय मांगों को लेकर सड़कों पर उतरेंगे कार्यकर्ता
दिल्ली। ओबीसी महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी के निर्देशानुसार 13 अप्रैल 2026 को देशभर में व्यापक स्तर पर प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जारी आदेश में संगठन के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों, मोर्चा प्रभारियों, जिला, ब्लॉक एवं ग्राम इकाइयों के अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय कार्यालय (साउथ एक्सटेंशन, नई दिल्ली) से जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह प्रदर्शन ओबीसी महासभा की सात सूत्रीय मांगों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। संगठन ने इसे अपनी एकजुटता और अधिकारों की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है।

कार्यक्रम को लेकर विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं, जिनमें सभी स्थानों पर प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने पर जोर दिया गया है। साथ ही प्रत्येक जिले को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम से संबंधित फोटो, वीडियो, मीडिया कवरेज और समाचार पत्रों की कटिंग अनिवार्य रूप से संकलित कर निर्धारित समय में राष्ट्रीय कार्यालय को भेजी जाएं।
राष्ट्रीय सचिव एवं कार्यालय प्रभारी डॉ. नारायण पटेल ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि संगठन की मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाया जा सके।
इस आह्वान के बाद प्रदेश सहित जिले स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।


