*ऑटो चालकों के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
यातायात नियमों, यात्रियों की सुरक्षा और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर किया जागरूक
*शहडोल* । पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में शनिवार, 12 सितंबर 2026 को यातायात थाना परिसर में ऑटो चालकों के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऑटो संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ऑटो चालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण एवं वैध रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे अपने ऑटो का थाना यातायात में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं। पंजीयन के बाद यातायात थाना द्वारा ऑटो को क्रमांक प्रदान किया जाएगा।
बताया गया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में संचालित ऑटो के लिए पृथक-पृथक मोनो जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही ऑटो चालकों के लिए पहचान पत्र जारी किए जाने की व्यवस्था भी की जाएगी। यातायात पुलिस ने कहा कि थाना यातायात में ऑटो का पंजीयन अनिवार्य है। बिना पंजीयन ऑटो संचालित पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निर्धारित स्थानों पर होगी ऑटो पार्किंग कार्यक्रम में शहर में ऑटो की व्यवस्थित पार्किंग को लेकर भी चर्चा की गई। यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि शहर में निर्धारित स्थानों पर ऑटो पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से ऑटो खड़े करने से होने वाली यातायात समस्या को कम किया जा सके और आवागमन सुचारु बना रहे।
संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल दें सूचना ऑटो चालकों को निर्देश दिए गए कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारी अथवा नजदीकी थाना को दें। इससे समय रहते आवश्यक पुलिस कार्रवाई की जा सकेगी। पुलिस ने ऑटो चालकों को यातायात व्यवस्था में सहयोगी की भूमिका निभाने की अपील भी की।
दस्तावेज संबंधी समस्याओं के समाधान का प्रयास
कार्यक्रम के दौरान ऑटो चालकों ने अपने दस्तावेजों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से यातायात पुलिस को अवगत कराया। इस पर यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि समस्याओं के निराकरण के लिए कलेक्टर एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) से चर्चा की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार शिविर आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे ऑटो चालकों को दस्तावेज संबंधी समस्याओं के समाधान में सुविधा मिल सके।
अंत में यातायात पुलिस ने ऑटो संघ एवं सभी चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।





