सिटी कोतवाली चौक पर सफाई व्यवस्था बदहाल, वीआईपी दौरे पर ही दिखती है सक्रियता
सतना।
पत्रकार पंकज तिवारी
सिटी कोतवाली चौक क्षेत्र में नगर निगम की सफाई व्यवस्था इन दिनों सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में नियमित सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और निगम की सक्रियता केवल किसी नेता या वीआईपी के आगमन तक ही सीमित दिखाई देती है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, इस मार्ग पर लंबे समय से नियमित झाड़ू और सफाई कार्य नहीं हुआ है। हाल ही में सड़क निर्माण कार्य पूरा हुए करीब पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन सड़क पर फैली धूल-मिट्टी और निर्माण सामग्री अब भी जस की तस पड़ी हुई है। इससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि सड़क पर उड़ रही धूल से वातावरण प्रदूषित हो रहा है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और सड़क निर्माण के बाद फैली गंदगी को तत्काल हटाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।





