तिरंगे के रंग में सजे बाबा काशी विश्वनाथ:
कलेक्ट्रेट में DM ने ध्वजारोहण किया, बच्चों ने करतब दिखाए; NCC कैडेट्स ने सलामी दी
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धर्मनगरी काशी में राष्ट्रभक्ति और आध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री काशी विश्वनाथ धाम में स्वतंत्रता दिवस की सुबह बाबा काशी विश्वनाथ का विशेष भव्य और दिव्य श्रृंगार किया गया।
बाबा के स्वरूप को राष्ट्रध्वज के तीनों रंगों केसरिया, सफेद और हरे से सजाया गया। मंगला आरती के दौरान बाबा के इस अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

सुबह तड़के मंगला आरती के समय काशी विश्वनाथ धाम का पूरा वातावरण आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्रभक्ति से सराबोर दिखाई दिया। गर्भगृह से लेकर मंदिर परिसर तक विशेष सजावट की गई थी। बाबा के श्रृंगार में तिरंगे के रंगों का विशेष ध्यान रखा गया। केसरिया रंग के गेंदे के फूल, सफेद रजनीगंधा और हरे रंग की पत्तियों से गर्भगृह को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
वहीं कलेक्ट्रेट पर शनिवार सुबह 8:00 बजे जिलाधिकारी सत्येंद्र झा ने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर डीएम का छात्रों और कर्मचारियों ने स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने झंडा फहराया। पुलिस लाइन से पहुंची गारद ने राष्ट्रीय ध्वज को सशस्त्र सलामी दी। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राएं कलेक्ट्रेट के कर्मचारी और सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे। स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन और लोकतंत्र सेनानियों का जिलाधिकारी ने अभिनंदन किया।




