नगर परिषद ने मुख्य मार्ग से हटाया अतिक्रमण, सड़क किनारे लगी दुकानों पर की कार्रवाई
संभागीय ब्यूरो विनय द्विवेदी
ब्यौहारी, शहडोल। नगर परिषद ब्यौहारी द्वारा नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने एवं सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया। इस दौरान रीवा–शहडोल मुख्य मार्ग पर नगर के मुख्य चौराहे के समीप रेस्ट हाउस के सामने सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे लगाए गए
अस्थायी अतिक्रमण को हटाया तथा दुकानदारों को भविष्य में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगरवासियों से भी अपील की गई है कि वे सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




