रीवा: सोशल मीडिया विवाद में फरार यूट्यूबर मनीष पटेल ने किया सरेंडर, हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद बढ़ा पुलिस दबाव
रीवा जिले में सोशल मीडिया पर कथित रूप से ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट साझा करने के मामले में महीनों से फरार चल रहे यूट्यूबर मनीष पटेल ने आखिरकार पुलिस के बढ़ते दबाव और हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद सरेंडर कर दिया है।
नीचे वीडियो देखें..
https://www.instagram.com/reel/DY1xcUqSpmW/?igsh=NGZkeW1sejhiODdi
मामला 29 जनवरी का बताया जा रहा है, जब सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट सामने आने के बाद सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी। इसके बाद से आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के अनुसार, पुलिस की लगातार दबिश और कानूनी कार्रवाई के चलते आरोपी ने न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके बाद उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है, जबकि लैपटॉप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तलाश जारी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि विवादित पोस्ट तैयार करने या उसे प्रसारित करने में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल था या नहीं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जाएगा। वहीं, इस मामले को लेकर इलाके में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और भड़काऊ सामग्री पर निगरानी बढ़ाने की भी मांग उठ रही है।





