सतना (जैतवारा): पेट्रोल पंप पर नापतोल विभाग की छापेमारी, टूटे मेजर पर एम-सील लगाकर उपयोग का खुलासा
सतना जिले के जैतवारा क्षेत्र स्थित शिवांश किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को नापतोल विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनियमितताओं का खुलासा किया। शिकायत के आधार पर की गई इस औचक जांच में अधिकारियों ने पंप की मशीनों और माप-तौल व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम को एक डिलीवरी मेजर (मापक यंत्र) टूटा हुआ मिला, जिसे एम-सील लगाकर कथित रूप से उपयोग में लाया जा रहा था। अधिकारियों ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल प्रभाव से जांच रिपोर्ट तैयार की।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह कृत्य विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2011 की धारा 19(7) का उल्लंघन है। नियमों के तहत संबंधित पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ जुर्माना अधिरोपित करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
छापेमारी के दौरान शिकायतकर्ता अरुण गौतम भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंप संचालक, जो कथित रूप से एक राजनीतिक दल से जुड़े पदाधिकारी हैं, लंबे समय से मनमानी कर रहे थे और उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी की जा रही थी। शिकायत के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की।
स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र के अन्य पेट्रोल पंपों की भी व्यापक जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि नियमित निरीक्षण से ही उपभोक्ताओं को सही मात्रा में ईंधन और पारदर्शी सेवा सुनिश्चित की जा सकती है।
विभाग ने संकेत दिए हैं कि मामले में आगे और कड़ी कार्रवाई संभव है, साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान की अन्य व्यवस्थाओं की भी विस्तृत जांच की जा रही है।





