लोढ़ा में अवैध खनिज उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, पोकलेन मशीन और हाइवा जप्त
रेलवे लाइन निर्माण में अवैध मुरुम उपयोग की पुष्टि, खनिज विभाग ने दर्ज किया प्रकरण
उमरिया यश न्यूज), जिला ब्यूरो।
जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम लोढ़ा, तहसील चंदिया में एक पोकलेन मशीन और एक हाइवा वाहन को जप्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देशन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनि अधिकारी डॉ. विद्याकांत तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें सहायक खनि अधिकारी दिवाकर चतुर्वेदी, खनि निरीक्षक प्रभात कुमार पट्टा, प्रभारी खनि निरीक्षक एन.एस. आर्मो सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे, ने 27 मई 2026 को मौके पर जांच की। जांच के दौरान रेलवे लाइन निर्माण कार्य में अवैध रूप से उत्खनित मुरुम के उपयोग की पुष्टि हुई।

कार्रवाई के दौरान टाटा हिटाची हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर पोकलेन मशीन (मॉडल EX 200 LC सुपरप्लस, सीरियल नंबर SP 20-58709) और हाइवा वाहन क्रमांक CG 10 BU 2634 को जप्त किया गया। दोनों वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज अवैध (खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सघन जांच अभियान लगातार जारी है और आगे भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।





