तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला पर बाघ का हमला,
मौत मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, गांव में दहशत
विनय द्विवेदी, शहडोल
शहडोल जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत पनपथा परिक्षेत्र के कुदरी गांव में मंगलवार सुबह बाघ के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुदरी गांव निवासी ममता यादव (30) पति पप्पू यादव मंगलवार सुबह अपने पति एवं अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक महिला पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों के हल्ला करने पर बाघ जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। महिला की मौत से मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीण जंगल क्षेत्र में जाने से भयभीत नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। लगातार हो रही वन्यजीव घटनाओं से जंगल से सटे गांवों के लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने एवं जंगल क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।





