ग्राम फुलहा में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
सतना | संयुक्त संवाददाता
भीषण गर्मी के बीच ग्राम फुलहा में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव के ग्रामीणों ने पानी की गंभीर समस्या को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए बताया कि इस तपती गर्मी में उन्हें पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में ठेकेदार द्वारा पानी की टंकी का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन उसके बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। टंकी बनने के बावजूद आज तक गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब पानी सप्लाई को लेकर सवाल किए जाते हैं, तो जिम्मेदार लोग गोलमोल जवाब देकर अपनी जिम्मेदारी से बचते नजर आते हैं।
ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी योजनाओं की निगरानी किसकी जिम्मेदारी है। गांववासियों का कहना है कि कई जगहों पर यही स्थिति देखने को मिल रही है, जहां निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार गायब हो जाते हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकती रहती है।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द गांव में नियमित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अब देखने वाली बात यह होगी कि शासन-प्रशासन ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक गांववासियों को पेयजल संकट से राहत मिल पाती है।
संयुक्त संवाददाता
दीनानाथ गुप्ता
खास रिपोर्ट





