अनूपपुर। यस न्यूज़ मैनेजिंग एडिटर विनय महरा की रिपोर्ट..।
ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्य से स्थापित कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन,राजेंद्रग्राम ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता सिद्ध करते हुए सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा में लगातार दूसरे वर्ष शत-प्रतिशत (100%) परिणाम दर्ज किया है। इस वर्ष कुल 14 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और सभी विद्यार्थी सफल रहे, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है।
परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में सत्यम प्रसाद (पिता: सुरेश प्रसाद) ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। शुभम श्रीवास्तव (पिता: अनुराग श्रीवास्तव) 88.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि राहुल यादव (पिता: राजेंद्र प्रसाद यादव) ने 86.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन विद्यार्थियों की उपलब्धि ने विद्यालय की प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ किया है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री नरसिम्हा प्रसाद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार दो वर्षों से 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करना विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इसे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि वे जीवन में उच्च शिखरों को प्राप्त कर सकें।
एकेडमिक मेंटर पी. एस.विश्वास ने भी इस सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित यह संस्थान अब अपने लक्ष्य की ओर मजबूती से अग्रसर है। प्रबंधन के अनुसार, विद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आत्मविश्वास के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए विद्यालय प्रतिबद्ध है।
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बन गया। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की खुशी देखने योग्य थी। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यह विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।


