एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टमसार में विधायक श्री टेकाम ने मनाई अंबेडकर जयंती, बच्चों संग किया भोजन
*सजीव गुप्ता की रिपोर्ट सीधी -कुसमी*
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टमसार पहुंचे और कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विधायक ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने भविष्य को सशक्त बना सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने और निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
इस दौरान विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनका हालचाल जाना। इस आत्मीय पहल से बच्चों में उत्साह और खुशी का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


