खरीफ 2026 के लिए उर्वरकों पर सब्सिडी मंजूर, किसानों को मिलेगी राहत
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खरीफ सीजन 2026 (1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026) के लिए फॉस्फेट और पोटेशियम (P&K) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) दरों को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत सरकार करीब 41,533.81 करोड़ रुपये खर्च करेगी, जो पिछले साल 2025 के मुकाबले लगभग 4,317 करोड़ रुपये अधिक है।
सरकार के इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य किसानों को डीएपी और एनपीकेएस जैसे उर्वरक रियायती और किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है। तय की गई सब्सिडी दरों के आधार पर उर्वरक कंपनियों को सहायता दी जाएगी, जिससे किसानों को बाजार में उर्वरक सस्ती कीमत पर मिल सकें। यह कदम खासतौर पर खरीफ फसलों की बुवाई के समय किसानों की लागत कम करने में मदद करेगा।
गौरतलब है कि सरकार 2010 से राष्ट्रीय पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) योजना के तहत फॉस्फेट और पोटेशियम उर्वरकों पर सब्सिडी दे रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि किसानों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े और उन्हें समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सके।


