महंगाई के खिलाफ शहडोल में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन कल
शहडोल, 30 मार्च 2026।
बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतों में उछाल और बिजली बिलों की मार के खिलाफ कांग्रेस अब सड़क पर उतरने जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा 31 मार्च, मंगलवार को दोपहर 12 बजे जिला कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रदर्शन के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आम जनता की समस्याओं को उठाया जाएगा।
कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के बढ़ते दाम, बिजली दरों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी और पेट्रोल-डीजल की कमी ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी आवाज को मजबूती दें।
इस संबंध में जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने दी है।


