समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन हेतु 10 मार्च तक बढ़ाई गई किसान पंजीयन की अंतिम तिथि
==
शहडोल 09 मार्च 2026-
शासन द्वारा किसानों सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च तक बढ़ा दी गई है। पहले अंतिम तिथि 07 मार्च निर्धारित थी, जिसे अब 10 मार्च कर दिया गया है। इसके साथ ही किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अवकाश के दिनों में भी पंजीयन केंद्र खुल रहे हैं, ताकि सभी पात्र किसान अपना पंजीयन करा सकें।
खाद्य विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान केवल सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं में स्थापित पंजीयन केंद्रों पर ही पंजीयन करा सकेंगे। वनाधिकार पट्टाधारी किसानों का वन पट्टा तथा सिकमी/बटाईदार किसानों का सिकमी/बटाई अनुबंध 02 फरवरी 2026 से पूर्व का पंजीकृत होना अनिवार्य होगा। पंजीयन के दौरान ई-उपार्जन पोर्टल पर मूल भू-स्वामी की सहमति, आधार नंबर एवं अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी। ओटीपी सत्यापन के पश्चात ही पंजीयन मान्य होगा।
पंजीयन केंद्र पर किसानों को आधार कार्ड, आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर एवं सिकमी/बटाई अनुबंध की प्रति साथ लाना आवश्यक होगा। प्रस्तुत दस्तावेजों को ऑपरेटर द्वारा स्कैन कर ई-उपार्जन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इस श्रेणी के किसानों का शत-प्रतिशत सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं सहकारी संस्थाओं को पंजीयन कार्य में सहयोग एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।




