ब्रेकिंग न्यूज़: सिंगरौली में दिनदहाड़े बड़ी बैंक डकैती, 15 मिनट में लूटे करोड़ों के गहने और कैश

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज बैंक डकैती की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में करीब 1 बजे 5 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया।
जानकारी के मुताबिक, पहले दो बदमाश बैंक के अंदर दाखिल हुए और कर्मचारियों व ग्राहकों को बंदूक के दम पर बंधक बना लिया। इसके कुछ ही मिनट बाद तीन अन्य साथी भी पहुंच गए। बदमाशों ने पूरे बैंक पर कब्जा कर कैश और लॉकर की चाबियां अपने कब्जे में ले लीं। विरोध करने पर लोगों के साथ मारपीट भी की गई, जिससे बैंक में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
डकैत करीब 9-10 किलो सोना और लगभग 20 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह सोना बैंक में गिरवी रखा गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये है। आरोपी पिट्ठू बैग और बड़े थैलों में लूट का सामान भरकर मौके से भाग निकले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लिया। रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत और डीजीपी कैलाश मकवाना मौके पर पहुंच गए हैं और जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आम जनता से सहयोग की अपील की है। सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:
📞 8770063884
📞 7049134457
📞 7587636693


