Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

संडे स्कूल बच्चों के आत्मिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव: बिशप दरबारा सिंह -सीएनआई चर्च मखू में आयोजित हुआ फिरोजपुर ज़ोन का शानदार चिल्ड्रेन कैंप,

Alexander D’Souza
4 Min Read
इस खबर को शेयर करें

संडे स्कूल बच्चों के आत्मिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव: बिशप दरबारा सिंह
-सीएनआई चर्च मखू में आयोजित हुआ फिरोजपुर ज़ोन का शानदार चिल्ड्रेन कैंप, 


-डायोसिस ऑफ चंडीगढ़ के बिशप ने बच्चों और शिक्षकों को दी आशीष…
फरीदकोट/ मखू (अलेक्जेंडर डिसूज़ा): चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (CNI) चर्च मखू में फिरोजपुर ज़ोन के एक भव्य और आत्मिक ‘चिल्ड्रेन कैंप’ (बच्चों के कैंप) का आयोजन बेहद उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस विशेष कैंप में डायोसिस ऑफ चंडीगढ़ के माननीय बिशप दरबारा सिंह ने विशेष तौर पर शिरकत की। उन्होंने कैंप में पहुंचे बच्चों और शिक्षकों को अपनी पवित्र उपस्थिति से अनुग्रहित किया और मसीह समाज की आने वाली पीढ़ी को परमेश्वर की ओर से ‘डिवाइन विजडम’ (दिव्य ज्ञान) और आशीष मिलने की प्रार्थना की।
बाइबल की शिक्षाओं से रोशन हुई भावी पीढ़ी:
इस एक दिवसीय कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मसीही विश्वास में मजबूत करना और समाज के लिए एक आदर्श नागरिक के रूप में तैयार करना था। कैंप का मुख्य केंद्र बिंदु पवित्र बाइबल की प्रसिद्ध आयत “लड़के को शिक्षा उसी मार्ग की दे जिस में उस को चलना चाहिये, और वह बुढ़ापे में भी उस से न हटेगा”: नीतिवचन 22:6 रही, जिसके अनुसार बच्चे को सही राह पर चलना सिखाओ, और जब वह बड़ा होगा तो उससे भटकेगा नहीं।
इस अवसर पर संडे स्कूल के समर्पित शिक्षकों ने बच्चों को बेहद सरल और प्रभावशाली ढंग से जीवन के नैतिक मूल्य और मसीही सिद्धांत सिखाए। कैंप के दौरान बच्चों ने आराधना के गीतों, बाइबल स्टडी, रचनात्मक गतिविधियों और खेल-कूद में बढ़-चढ़कर और पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
संडे स्कूल की महत्ता और बिशप का संदेश:
संडे स्कूल की महत्ता पर विशेष प्रकाश डालते हुए बिशप दरबारा सिंह ने कहा कि संडे स्कूल केवल एक साप्ताहिक कक्षा नहीं है, बल्कि यह मसीह समाज की आने वाली पीढ़ी के चरित्र और आत्मिक जीवन की नींव है। आज के इस आधुनिक युग में बच्चों को परमेश्वर के भय और ज्ञान में बढ़ाना बेहद जरूरी है, ताकि वे भटकने के बजाय सही मार्ग पर चल सकें। उन्होंने बच्चों को शिक्षित करने वाले और इस कैंप को सफल बनाने वाले सभी टीचर्स की सराहना की और प्रार्थना की कि प्रभु उनकी इस सेवा पर अपनी बड़ी बरकत और आशीष उंडेलें।
प्रबंधन और माता-पिता का जताया आभार:
कैंप के सफल आयोजन पर रेवरेंड डीकन नथानिएल ने प्रभु की स्तुति करते हुए उन सभी माता-पिता का हृदय से धन्यवाद किया जिन्होंने अपने बच्चों को इस आत्मिक कैंप में भेजने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने साधु सुंदर सिंह (सीएनआई) चर्च कमेटी फरीदकोट, संडे स्कूल टीचर्स और यात्रा व अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने सीएनआई चर्च मखू और डायोसिस (धर्मप्रांत) के नेतृत्व की भी सराहना की, जिनके सहयोग से फिरोजपुर ज़ोन का यह आयोजन ऐतिहासिक रहा।
अंत में, मसीह समाज के बच्चों के उज्जवल भविष्य और परमेश्वर के ज्ञान व प्रेम में निरंतर बढ़ते रहने की प्रार्थना के साथ इस शानदार कैंप का समापन हुआ।
इस अवर पर साधु सुंदर सिंह (सीएनआई) चर्च कमेटी फरीदकोट के सचिव विलियम संडे स्कूल टीचर निधि विलियम व संडे स्कूल के बच्चों सहित रेवरेंड डीकन नथानिएल ने हिस्सा लिया।
न्यूज़: 19-2,
फोटोज़:

Share This Article
Leave a Comment