उमरिया जिले में भीषण सड़क हादसा: ऑटो और बल्कर की टक्कर में मचा हड़कंप, इलाके में आक्रोश
उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली क्षेत्र में जैन पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर करीब 1:50 से 2:00 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ऑटो और तेज रफ्तार बल्कर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया और बल्कर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात भी बाधित रहा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि प्रतिबंधित मार्गों पर ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन लगातार हादसों को न्योता दे रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।





