नौरोजाबाद (उमरिया) से खबर
नौरोजाबाद की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक-2 में सर्वर डाउन होने से राशन वितरण व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। तकनीकी खराबी के चलते घंटों तक सिस्टम ठप रहा, जिससे हितग्राहियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, दुकान में राशन वितरण की पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्रणाली पर आधारित है। सर्वर फेल होने के कारण न तो उपभोक्ताओं की एंट्री हो पा रही थी और न ही ई-केवाईसी व मशीन के माध्यम से राशन वितरण संभव हो सका। इसके चलते सुबह से ही दुकान के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग गईं।
राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों ने बताया कि वे कई घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन सर्वर चालू न होने के कारण उन्हें बिना राशन लिए ही वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार सर्वर डाउन होने से गरीब और जरूरतमंद वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित होता है।

दुकान संचालक ने बताया कि समस्या सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण आई है, जिसकी जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है। सर्वर ठीक होते ही पुनः राशन वितरण शुरू करने की बात कही गई है।
इस घटना ने डिजिटल राशन वितरण प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि ऐसी समस्याओं से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और मजबूत तकनीकी ढांचा सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में आम नागरिकों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।





