वर्ल्ड मलेरिया डे: स्वास्थ्य विभाग फरीदकोट ने शुरू किया जागरूकता अभियान…

फरीदकोट, 25 अप्रैल (अलेक्जेंडर डिसूजा): ‘विश्व मलेरिया दिवस’ के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग फरीदकोट ने मलेरिया उन्मूलन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सिविल सर्जन डॉ. परवजीत सिंह गुलाटी के नेतृत्व में आज जिले भर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को इस जानलेवा बीमारी के प्रति सचेत करना और बचाव के तरीके सिखाना था।
सरकारी अस्पतालों में इलाज और टेस्ट पूरी तरह मुफ्त
सिविल सर्जन डॉ. गुलाटी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग मलेरिया से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मलेरिया की जाँच (टेस्ट) और दवाएं पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध हैं।
विशेष सर्वे और रणनीति:
जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. हिमांशु गुप्ता ने विभाग की कार्ययोजना साझा करते हुए कहा:-
हाई-रिस्क एरिया पर नज़र: स्लम बस्तियों, ईंट-भट्टों, इंडस्ट्रियल यूनिट्स और निर्माणाधीन इमारतों में रहने वाले मजदूरों का विशेष सर्वे और टेस्टिंग की जा रही है।
जन सहयोग की अपील: डॉ. गुप्ता ने कहा कि मलेरिया मुक्त समाज तभी संभव है जब लोग जागरूक हों। बुखार होने पर तुरंत टेस्ट करवाएं और डॉक्टर की सलाह लें।
बचाव के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
कैंपेन के दौरान विशेषज्ञों ने मच्छरों से बचाव के लिए निम्नलिखित सुझाव दिए:-
1. मच्छरदानी: सोते समय हमेशा मच्छरदानी का प्रयोग करें।
2. पहनावा: शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े (पूरी बाजू की कमीज और पैंट) पहनें।
3. क्रीम का उपयोग: मच्छर भगाने वाली क्रीम या लोशन लगाएं।
4. त्वरित उपचार: तेज़ बुखार या शरीर में दर्द होने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचें।
मौके पर मौजूद अधिकारी
इस अवेयरनेस कैंपेन में डिप्टी मास मीडिया ऑफिसर सुधीर धीर, डॉ. प्रभदीप सिंह चावला, असिस्टेंट मलेरिया ऑफिसर छिंदरपाल सिंह, हेल्थ सुपरवाइजर धमिंद्र सिंह, सुरेश कुमार, मंदीप सिंह, हरभजन सिंह, और अमरजीत सिंह सहित विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
न्यूज़: 25-5,
फोटो:




