पुष्पराजगढ़ के 35 सड़कों के निर्माण की मांग, विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
अनूपपुर।
विधानसभा क्षेत्र पुष्पराजगढ़ के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर क्षेत्र के 35 महत्वपूर्ण मार्गों के शीघ्र निर्माण की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुष्पराजगढ़ आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां लगभग 90 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जनजाति की है और आवागमन के लिए सड़कों का अभाव गंभीर समस्या बना हुआ है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि इन मार्गों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत प्राथमिकता सूची में शामिल किया जा चुका है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इन सड़कों का निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
पत्र में देवरी-ऊपरटोला, देवरी-डोंगरीटोला, नगमला से भयानटोला, बम्हनी से धोपाटोला, धनपुरी से मझीटा सहित कुल 35 मार्गों का उल्लेख किया गया है, जिनकी कुल लंबाई अलग-अलग है और ये क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को जोड़ते हैं।
विधायक मार्को ने कहा कि सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच आसान होगी तथा ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने अंत में मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इन सभी मार्गों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाए।


