पटना में स्टोन क्रेशर की हैवी ब्लास्टिंग से दहशत में ग्रामीण, घरों में दरारें और बीमारी का खतरा
राजेन्द्रग्राम (अनूपपुर)।
तहसील मुख्यालय पुष्पराजगढ़ के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पटना में संचालित जय बजरंग स्टोन क्रेशर की लगातार हो रही हैवी ब्लास्टिंग से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर में की जा रही तेज धमाकों वाली ब्लास्टिंग से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। घरों की दीवारों में दरारें पड़ने लगी हैं, वातावरण में धूल और डस्ट फैलने से लोग बीमार हो रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार जय बजरंग स्टोन क्रेशर ग्राम पटना, पुष्पराजगढ़ (जिला अनूपपुर) में खसरा क्रमांक 3/4 में लगभग 3236 रकवा क्षेत्र में संचालित है। इस क्रेशर का संचालन 21 नवंबर 2022 से 20 अक्टूबर 2032 तक की अवधि के लिए किया जा रहा है, जिसके प्रोप्राइटर सुनील कुमार कुशवाहा बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्रेशर में आए दिन भारी विस्फोटक ब्लास्टिंग की जाती है, जिससे तेज धमाके और कंपन महसूस होते हैं। इन धमाकों से कई घरों की दीवारों में दरारें पड़ने लगी हैं और लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं। वहीं धूल और पत्थरों के बारीक कणों के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को स्कूल भेजना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि अचानक होने वाले धमाकों से बच्चे डर जाते हैं। कई अभिभावकों ने तो बच्चों को स्कूल जाने से भी रोक दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर की गतिविधियों के कारण आसपास की उपजाऊ जमीन भी धीरे-धीरे बंजर होती जा रही है और खेती-किसानी पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ब्लास्टिंग के कारण उत्पन्न डस्ट से वायु प्रदूषण को बढ़ ही रहा है साथ ही रहवासियों में स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों की आशंका भी बढ़ती जा रही है। क्रेशर संचालक द्वारा नियमित रूप से जल के छिड़काव ना करने का खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं। ब्लास्टिंग की वजह से उत्पन्न कंपन के कारण किरर घाट मे सड़क से सटी चट्टानों में भी दरार आने की संभावना है और आसपास के वन्य जीव में पलायन देखा जा रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच कर क्रेशर में हो रही अनियंत्रित ब्लास्टिंग पर रोक लगाए और गांव के लोगों की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य का ध्यान रखे।
इनका कहना है:-
ब्लास्टिंग करने की कोई सूचना उनके द्वारा हमें नहीं दी जाती है।
प्रकाश चंद्र कोल (थाना प्रभारी, राजेन्द्रग्राम)
मुझे सूचना दी गई है, लेकिन हमारी ओर से ब्लास्टिंग की अनुमति नहीं दी जाती है।
शकुंतला खाखा (खनिज निरीक्षक, अनूपपुर)


