सोन नदी में डूबा 14 वर्षीय किशोर, घंटों बाद भी नहीं मिला सुराग; परिजनों की उम्मीदें बचाव अभियान पर टिकीं
फैज मोहम्मद, उमरिया।
उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोलगढ़ स्थित सोन नदी के भोलगढ़ घाट में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। अपने परिजनों के साथ घूमने निकला 14 वर्षीय किशोर सोन नदी के गहरे पानी में डूब गया और घटना के कई घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्चिंग अभियान चला रही है, जबकि परिजन नदी किनारे बैठकर किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम झाल निवासी आलोक द्विवेदी (14 वर्ष) पिता पंकज द्विवेदी अपने तीन पारिवारिक भाइयों के साथ सोन नदी पर निर्माणाधीन पुलिया देखने गया था। पुलिया का निरीक्षण करने के बाद सभी किशोर नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान अचानक आलोक द्विवेदी और आकाश द्विवेदी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नदी में मौजूद एक नाविक ने तत्काल साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बचाव कार्य शुरू किया। उसने आकाश द्विवेदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आलोक देखते ही देखते नदी की तेज धार और गहराई में समा गया। काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही इंदवार पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी एवं राजस्व विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, जिसने नदी में व्यापक सर्चिंग अभियान शुरू किया। गोताखोर लगातार नदी के गहरे हिस्सों में तलाश कर रहे हैं, लेकिन हादसे के छह घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी देर शाम तक आलोक का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सोन नदी के किनारे सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा रही। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर गुजरते पल के साथ परिवार की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखने की बात कही गई है। स्थानीय लोगों ने भी बचाव दल का सहयोग करते हुए जल्द से जल्द किशोर को खोज निकालने की अपील की है। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।





