कोर्ट के आदेश के बाद हुई जांच तो फर्जी निकला पटवारी का कंप्यूटर डिप्लोमा, कोतवाली थाने में FIR दर्ज 👇

मुरैना। कलेक्ट्रेट में पदस्थ पटवारी श्रीनिवास पुत्र विद्याराम शाक्य का डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) प्रमाणपत्र जांच में फर्जी पाए जाने के बाद कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर नौकरी प्राप्त करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपित पटवारी की गिरफ्तारी कर उसे जेल भेजने की तैयारी में है।
21 साल की नौकरी के बाद पदोन्नति नहीं मिलने पर पहुंचे हाईकोर्ट
जानकारी के अनुसार, विक्रम नगर, मुरैना निवासी पटवारी श्रीनिवास पुत्र विद्याराम शाक्य ने हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर कर शिकायत की थी कि 21 साल की सेवा के बावजूद उसे न तो पदोन्नति दी जा रही है और न ही क्रमोन्नति का लाभ मिल रहा है।
याचिका में उन्होंने कहा था कि आयुक्त भू-अभिलेख उनके DCA प्रमाणपत्र को फर्जी बता रहे हैं, जबकि उन्होंने वर्ष 2004 में छत्तीसगढ़ यूनिवर्सिटी, रायपुर से डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन का प्रमाणपत्र प्राप्त किया था।
हाईकोर्ट ने दिए थे जांच के आदेश
रिट याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने प्रशासनिक पक्ष को सुनने के बाद आदेश दिया कि संबंधित DCA प्रमाणपत्र की जांच कराई जाए। अदालत ने कहा था कि यदि प्रमाणपत्र सही पाया जाता है, तो पटवारी को 21 साल की सेवा से संबंधित सभी लाभ प्रदान किए जाएं।
साथ ही हाईकोर्ट ने पुलिस अधीक्षक, मुरैना को निर्देश दिए थे कि प्रमाणपत्र की जांच कराई जाए और यदि तकनीकी योग्यता संबंधी यह दस्तावेज फर्जी पाया जाए, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
जांच में नहीं मिला कोई रिकॉर्ड
हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने मामले की जांच अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) बानमोर अनिल मूंदड़ा से कराई। जांच में सामने आया कि छत्तीसगढ़ यूनिवर्सिटी, रायपुर को वर्ष 2004 से पहले तक DCA कोर्स संचालित कराने की मान्यता थी। इसके बाद विश्वविद्यालय ने DCA छात्रों को अन्य संबद्ध कॉलेजों के माध्यम से कोर्स कराया।
हालांकि, जांच के दौरान पटवारी श्रीनिवास शाक्य का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला, जिससे उनका DCA प्रमाणपत्र संदिग्ध पाया गया और अंततः इसे फर्जी मान लिया गया।
कोतवाली थाने में मामला दर्ज
जांच रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपित पटवारी के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज बनवाकर नौकरी हासिल करने के आरोप में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी में है।


