टिकरी ग्राम पंचायत में राशन वितरण में अनियमितताओं का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
रघुनाथगंज।
पत्रकार दीनानाथ गुप्ता।
टिकरी ग्राम पंचायत में संचालित स्वयं सहायता समूह द्वारा राशन वितरण में भारी भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पात्र हितग्राहियों को मिलने वाला राशन निर्धारित मात्रा से कम दिया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जहां प्रति हितग्राही 20 किलो अनाज दिया जाना चाहिए, वहां केवल 15 से 16 किलो ही वितरित किया जा रहा है। इसे लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है और वे इसे खुली लूट करार दे रहे हैं।
इसके अलावा, आरोप यह भी है कि पर्ची काटने के बावजूद कई हितग्राहियों को तीन-तीन महीनों तक राशन नहीं दिया गया। कुछ मामलों में राशन देने के नाम पर ब्लैकमेलिंग कर मोटी रकम वसूलने की बात भी सामने आई है।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की शिकायत फूड इंस्पेक्टर और कलेक्टर से करते हुए जल्द जांच की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सभी हितग्राहियों को उनका पूरा हक दिलाया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे स्वयं सहायता समूह के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे।





