पुष्पराजगढ़ में सनसनी: पंडरीखार-लीलाटोला रोड के कुएं में अज्ञात शव मिलने से हड़कंप

पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के पंडरीखार गांव के लीलाटोला रोड पर उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों को एक कुएं में अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
यह कुआं ग्रामीण चमरू सिंह के खेत में बताया जा रहा है, जो मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह काफी पुराने समय से पानी में पड़ा हुआ है, क्योंकि शरीर काफी हद तक फूल चुका है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले स्थानीय लोग जब नहाने के लिए कुएं के पास पहुंचे तो उन्होंने शव को देखा। इसके बाद दोपहर से ही वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है और पूरा क्षेत्र कौतूहल का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि आसपास के लोग सोशल मीडिया पर मृतक की तस्वीरें साझा कर उसकी पहचान करने की अपील कर रहे हैं, ताकि कोई परिजन या परिचित आगे आकर पहचान कर सके।
फिलहाल पुलिस को सूचना दे दी गई है। शव की पहचान और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और मामले को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
बाकी जानकारी प्रतीक्षा में है, अपडेट की जाएगी।





