ताला-मानपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा: कार-बाइक की भीषण टक्कर में दो की मौत, एम्बुलेंस न मिलने पर भड़का आक्रोश
उमरिया | फैज मोहम्मद
उमरिया जिले के ताला-मानपुर मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सरमनिया मोड़ के पास सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानपुर निवासी 40 वर्षीय हैदर खान बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि हैदर खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार अनिल रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही ताला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनिल रजक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचाया गया। लेकिन परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे घायल की हालत लगातार बिगड़ती गई और परिजनों के सामने ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते एम्बुलेंस और उचित उपचार मिल जाता तो अनिल रजक की जान बचाई जा सकती थी।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सीएचसी मानपुर लंबे समय से डॉक्टरों की कमी, अव्यवस्थित व्यवस्थाओं और संसाधनों के अभाव से जूझ रहा है। गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया जाता है, जिससे अस्पताल महज “रेफरल सेंटर” बनकर रह गया है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। अब लोगों की मांग है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो और अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।





