पोरसा (मुरैना), 20 मार्च 2025 – पत्रकार विनय की रिपोर्ट।
भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल पोरसा द्वारा माथुर वैश्य धर्मशाला में आयोजित होली मिलन समारोह भव्य उत्साह और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेताओं के माल्यार्पण और स्वागत से हुई, जिसके बाद सभी ने फूलों की पंखुड़ियों से एक-दूसरे को रंग लगाकर होली का पर्व मनाया। पूरे माहौल में संगठनात्मक एकता, उमंग और भाईचारे का अनूठा दृश्य देखने को मिला।इस दौरान सुमन सिंह तोमर (मंडल अध्यक्ष,नगरा) ने कार्यकताओं और आमजन के द्वारा दिए समर्पण निधि की राशि को जिला अध्यक्ष को सौंपा।
समारोह में विभिन्न प्रमुख वक्ताओं ने अपने विचार रखे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आयोजन को और भी विशेष बनाया। चंबल कवि शत्रुघ्न सिंह तोमर ने वीर रस की कविता से जोश भरा, जबकि रामलीला कलाकार रीनू उर्फ सत्यभान तोमर ने देशभक्ति से ओतप्रोत रचना प्रस्तुत कर देशप्रेम का संदेश दिया। भाजपा महामंत्री धीरज पचौरी ने पार्टी के संस्थापकों को नमन किया, वहीं मंगल सिंह तोमर ने होली के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पूर्व विधायक सत्य प्रकाश, भाजपा जिला महामंत्री रामरूप सिंह तोमर, वरिष्ठ नेता मोहर सिंह तोमर सहित अन्य गणमान्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाहा थे और अध्यक्षता संदीप उपाध्याय (नगर मंडल अध्यक्ष) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजेश सिंह सिकरवार, दिलीप दंडोतिया, साहब सिंह तोमर, सुमन सिंह तोमर, रामवीर सिंह तोमर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं मनमोहन सिंह तोमर, वीरू सिंह तोमर, दीपेंद्र सिंह भदौरिया, राजेश वर्मा, पवन सिंगला, संतोष उपाध्याय, रोहित गुप्ता, पिंटू शर्मा,आदि ने संभाली। युवा नेता अर्जुन तोमर(रायपुर),और उनकी टीम समेत समारोह में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ताओं और अतिथियों को पारंपरिक स्वल्पाहार एवं ठंडाई वितरित की गई। यह आयोजन संगठन की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ।