अवैध मदिरा बिक्री पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई दुकानों पर दबिश
उमरिया। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देश पर जिले में अवैध मदिरा के विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी सावित्री भगत के मार्गदर्शन तथा वृत्त प्रभारी दिनकर सिंह तिवारी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध शराब जब्त की गई।
आबकारी विभाग की टीम ने चंदिया नगर के फौजी चौराहा स्थित किराना दुकानों में कार्रवाई करते हुए प्रदीप साहू के कब्जे से 52 पाव देशी प्लेन मदिरा तथा गोमती साहू के कब्जे से 50 पाव देशी मदिरा जब्त की।
वहीं बिजौरी मानपुर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान आरोपी राम सुहावन साहू के कब्जे से 10 नग माउंट केन बीयर, 9 पाव व्हिस्की तथा 15 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद की गई।
सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इस कार्रवाई में आबकारी स्टाफ के राजपति प्रजापति, कविता सिंह, अंजनी गौतम एवं जीवन लाल कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





