नवविवाहिता का कुएं में मिला शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
उमरिया/नौरोजाबाद।
पत्रकार फैज मोहम्मद।
उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरिया में एक नवविवाहिता का शव कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान कंचन यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कंचन यादव का विवाह वर्ष 2021 में सेमरिया निवासी ओमप्रकाश यादव पिता रामधुन यादव के साथ हुआ था। मृतिका के पिता दुलीचंद्र यादव निवासी कूदरी थाना नौरोजाबाद ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद तक उनकी बेटी ससुराल में ठीक से रह रही थी, लेकिन बाद में पति, सास और ससुर द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कंचन के साथ मारपीट की जाती थी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
परिजनों के मुताबिक शनिवार दोपहर दामाद ओमप्रकाश यादव ने फोन कर सूचना दी कि कंचन की कुएं में गिरने से मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली उमरिया में शिकायत दर्ज कराई।
मृतिका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि कंचन अपने पीछे दो बेटियां और दो माह का एक बेटा छोड़ गई है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद शव को गृह ग्राम कूदरी लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





