पोरसा खबर: पत्रकार विनय की रिपोर्ट
बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्माता और निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार मामला ब्राह्मण समाज से जुड़ा है, जहां उनकी एक कथित टिप्पणी ने लोगों की भावनाओं को आहत कर दिया है। अनुराग कश्यप पर आरोप है कि उन्होंने ब्राह्मणों के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे समाज के लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया है।
इस विवादित टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भी अनुराग कश्यप के खिलाफ प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर लोग अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं और कश्यप के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ब्राह्मण समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के विरोध में मुरैना जिले के पोरसा क्षेत्र में परशुराम दल ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व परशुराम दल के जिला अध्यक्ष पी.के. शर्मा ने किया। तहसील परिसर पोरसा के पास आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने अनुराग कश्यप का पुतला दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया।

पी.के. शर्मा ने इस मौके पर कहा, “अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मण समाज के खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है। इस प्रकार की भाषा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि जल्द ही माफी नहीं मांगी गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
प्रदर्शन में कई गणमान्य लोग और परशुराम दल के सक्रिय सदस्य मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अमित अग्निहोत्री, प्रकल्प तोमर, शिव कुमार दद्दा, सुनील शर्मा, रंजीत शर्मा, प्रीतम, पीयूष उपाध्याय, सोनू पंडित, विमलेश शर्मा आदि शामिल थे।
इस घटना के बाद यह मुद्दा न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बनता जा रहा है। अब देखना यह होगा कि अनुराग कश्यप इस विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या वह ब्राह्मण समाज से माफी मांगते हैं या फिर यह विवाद और भी तूल पकड़ता है।